रामपुर। क्षेत्र के ग्राम सुनारखेड़ा में मां भगवती के विशाल जागरण का आयोजन किया गया। रातभर मां भगवती के भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। सुबह छह बजे प्रसाद वितरण के साथ जागरण संपन्न हुआ।बुधवार रात करीब नौ बजे मां भगवती के जागरण का शुभारंभ मिलक नगर पालिका अध्यक्ष के पति नरेंद्र गंगवार ने किया। इसके बाद सितारगंज से आई मनोज मयूर जागरण पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। गायक निपुण सारंग ने चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है... भजन गाकर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
वहीं गायक भरत सहारनपुरिया के मैया ने दरबार लगाया है, दर्शन कर लेन दे... गीत पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। रात भर भक्त मां भगवती के सुंदर-सुंदर भजनों पर नृत्य करते रहे। इस अवसर पर मां काली, भगवान शिव, दुर्गा माता, राधा कृष्ण आदि भगवानों की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
बीच-बीच में मां के जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान होता रहा। जागरण में माता का शृंगार, पंच मेवे का प्रसाद, फूलों की होली, इत्र वर्षा के कार्यक्रमों ने भी भक्तों को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। सुबह छह बजे भक्तों को प्रसाद का वितरित किया गया। इस अवसर पर नरेंद्र गंगवार, दिनेश राठौर, राजेंद्र राठौर, मोहनलाल राठौर, रोहित राठौर, पप्पू राठौर आदि लोग मौजूद रहे।