स्टार चौराहे तक मिली हमलावरों की लोकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। इंडियन ऑयल कंपनी के फील्ड ऑफिसर की कार में फायरिंग मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस को कार अंतिम बार स्टार चौराहे के पास लगे सीसीटीवी में दिखी है। अब इस मामले की जांच एसपी ने सीओ को सौंपी है।
इंडियन ऑयल कंपनी के फील्ड ऑफिसर अनिल कुमार की कार में दो बदमाशों ने बृहस्पतिवार रात फायरिंग की थी। अनिल कुमार की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में आई सीसीटीवी फुटेज में दो व्यक्ति कार में गोली चलाते दिखे थे। उनकी बिना नंबर की अमेज कार भी दिखाई दी थी। इस मामले में पुलिस को अंतिम सीसीटीवी फुटेज में स्टार चौराहे के पास कार दिखाई दी है। कोहरे के कारण कार को पहचानना मुश्किल हो रहा है।
दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी ठोस सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस पुरानी रंजिश को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि इस मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।