सैदनगर। जिस मैरिज हॉल में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां और रस्मों की रौनक थी, वहां दुल्हन की विदाई के वक्त अचानक अफरातफरी मच गई। घराती और बरातियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां बरसाने लगे।
कुर्सियां लेकर एक-दूसरे को दौड़ाया गया। इससे मैरिज हॉल में भगदड़ मच गई। मारपीट में दुल्हन के ताऊ समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गए। हालात ऐसे बने कि दूल्हा भी बरातियों के साथ दुल्हन को मौके पर छोड़कर चला गया। फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
घटना अजीमनगर थाना क्षेत्र के खंडिया स्थित एक मैरिज हॉल की है। थाना क्षेत्र के खिमोतिया बख्ती मुर्तुजा से एक बरात ढक्का हाजीनगर गांव आई थी। लड़की पक्ष ने शादी समारोह के लिए खंडिया स्थित मैरिज हॉल बुक किया था। बुधवार देर रात शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर घराती और बराती आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग मैरिज हॉल में रखी कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे। कुर्सियां फेंके जाने और मारपीट से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। शादी समारोह में शामिल लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
सूचना पर अजीमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले आरोपी भाग चुके थे। दूल्हा भी बरातियों के साथ दुल्हन को मौके पर छोड़कर चला गया। मारपीट में दुल्हन के ताऊ समेत दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ टांडा पंकज पंत के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।