सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के पूनंग गांव के लोगों को जल्द ही खस्ताहाल सड़क से निजात मिलेगी। विभाग ने छोल्तू पूनंग सड़क को चकाचक बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। इस पर करीब 2.69 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। करीब 5 किलोमीटर मार्ग पर इन दिनों टारिंग कार्य जोरों पर चल रहा है।
टारिंग का कार्य पूरा से लोगों को खस्ताहाल सफर से निजात मिलेगी। पूनंग पंचायत के जनप्रतिनिधियों की देखरेख में सड़क का टारिंग कार्य हो रहा है। सड़क की हालत सुधरने से निचार खंड के पूनंग गांव के हजारों की आबादी को लाभ मिलेगा। वहीं मरीजों को पहले की तरह हिचकोले खाते हुए अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। इसके अलावा ग्रामीणों को नकदी फसलों को भी आसानी से मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
ग्राम पंचायत प्रधान पूनंग पूर्ण भगती नेगी, उपप्रधान वीरेंद्र नेगी, बीडीसी सदस्य देवी लाल नेगी, वार्ड सदस्य प्रीति नेगी, लतामणी नेगी, देवराज नेगी, कौशल्या नेगी और रूपा नेगी सहित कई अन्य लोगों ने सड़क टारिंग कार्य शुरू करने पर लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अब सड़क पर पहले की तरह हिचकोले खाते हुए सफर नहीं करना पड़ेगा और फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में भी बेहतर सफर का लाभ मिलेगा।
एसडीओ टापरी विद्या कुमार नेगी ने कहा कि कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पूनंग गांव के लिए सड़क टारिंग कार्य शुरू कर दिया गया है। जून के अंत तक सड़क टारिंग कार्य पूरा कर दिया जाएगा।