मसवासी। नगर के मोहल्ला भूवरा में बंदरों का झुंड एक घर में घुस आया। झुंड पहले तो एक-दूसरे पर हमलावर हुआ। बाद में आंगन में खेल रही बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर जब लोग आए तब बंदर भाग खड़े हुए। बच्ची को चिकित्सक के पास ले जाया गया है।
नगर के मोहल्ला भूवरा वार्ड नंबर 3 में मुकेश मौर्य का परिवार रहता है। घर है। मुकेश मौर्य राजमिस्त्री है। वह बृहस्पतिवार को मजदूरी करने के लिए गया हुआ था। बताते हैं कि उसके बच्चे घर में खेल रहे थे। तभी बंदरों का एक झुंड उत्पात मचाते हुए उसके घर में घुस आए। वह आपस में लड़ते-लड़ते मुकेश की तीन वर्षीय बेटी दया पर हमलावर हो गए। बंदरों ने दया के हाथ को काटकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। उसकी चीख पुकार सुनकर बच्ची की मां कमरे से निकलकर आई तब डंडे से बंदरों को लताड़ा। लहूलुहान अवस्था में दया की मां उसे लेकर नगर के चिकित्सक के यहां पहुंची, जहां चिकित्सक ने दया के हाथ में टांके भरकर उसकी मरमपट्टी की है। मालूम हो कि बंदरों के आतंक से लोग बेहद परेशान हैं। वन विभाग के द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से नगरवासियों में वन विभाग के प्रति भारी रोष है।