चमरपुरा गांव में गुरुवार की शाम अपनी मां के साथ ननिहाल गया दो वर्षीय मासूम की बाल्टी में डूब कर मौत हो गई। वह खेलते हुए पानी भरी बाल्टी के पास पहुंच गया था। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बालक के शव को शुक्रवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है।
तहसील क्षेत्र के गांव सोनकपुर निवासी जाबिर हुसैन की पत्नी सायबा तीन दिन पहले अपने दो वर्षीय पुत्र के साथ मायके रामपुर के गांव चमरपुरा गई थी। गुरुवार की शाम उसका दो वर्षीय बेटा फैज अली अपने ननिहाल के आंगन में खेल रहा था। मां सायबा यहीं कपड़े सिल रही थी। घर के अन्य परिजन भी घरेलू कार्यों में लगे थे।
इसी बीच फैज खेलते हुए पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गया। पानी से भरी बाल्टी को पकड़ कर खड़ा हो गया, वह असंतुलित होकर बाल्टी के अंदर गिर गया।
किसी भी परिजन की निगाह बाल्टी की तरफ नहीं गई। कुछ देर बाद जब मां सायबा ने अपने पुत्र को गायब देखा तो उसके होश उड़ गये तो देखा की फैज बाल्टी में सिर के बल गिरा हुआ है। उसने शोर मचाया। अन्य परिजनों ने मासूम को बाल्टी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।