नवाबजादा अली मोहम्मद खां की शादी की रस्में अदा करते हुए राजघरानों की महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार को रौशनी और खुशियों के समंदर में डूबे नवाब के पारंपरिक नूरमहल से रामपुर सहसवान घराने के संगीत से सजा उस्ताद सखावत हुसैन का सुर गूंज रहा था ‘ यह सारा जग राजन तुमको दे मुबारकबादी, भूमि से आकाश तक रची है शादी।’ शहनाई की धुन भी गूंज रही थी। मौका था महफिल ए मीलाद का जो पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां के बड़े बेटे अली मोहम्मद खां उर्फ कहवान मियां की शादी के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी।
नवाबी खानदान में इसी सप्ताह होने वाली शादी का जश्न नूरमहल में शुरू हो गया है। रामपुर के शाही खानदान के वारिस नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां के बड़े पुत्र नवाबजादा अली मोहम्मद खां उर्फ कहवान मियां की इसी सप्ताह शादी होनी है। यह शादी कानपुर के उद्योगपति इकबाल जफर की बेटी शाजली जफर के साथ हो रही है। शादी के तमाम कार्यक्रम 7 दिसंबर से दिल्ली में होंगे, लेकिन सोमवार को नूरमहल से शादी की रस्मों का आगाज हुआ।
कुरान ख्वानी और महफिल ए मीलाद के साथ समारोह की शुरुआत हुई। सरगा छपाई और मांझा की रस्म धूमधाम से संपन्न हुई। इस दौरान नूरमहल में शहनाई की गूंज रही। दूल्हे की दादी पूर्व सांसद बेगम नूरबानो और पिता पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने मेहमानों का इस्तकबाल किया।