स्वार। रामपुर-बाजपुर स्टेट हाईवे पर तहसील मुख्यालय के सामने ओवरलोड वाहनों की निगरानी के लिए लगाया गया। सीसीटीवी कैमरों का पैनल जर्जर होकर धड़ाम हो गया। गनीमत रही कि पैनल गिरने से इस व्यस्त रूट पर कोई हादसा नहीं हुआ। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्वार क्षेत्र में कोसी नदी में खनन और स्टोन क्रशरों की भरमार के कारण दिन-रात रामपुर-बाजपुर स्टेट हाईवे पर खनन के अलावा अन्य ओवरलोड वाहनों का आवागम बना रहता है। खनन विभाग ने ओवरलोड वाहनों की निगरानी के लिए लगभग तीन वर्ष पूर्व तहसील मुख्यालय के ठीक सामने सीसीटीवी कैमरों का पैनल लगाया था, ताकि ऑनलाइन खनन के ओवरलोड वाहनों का चालान किया जा सके। बताते हैं कि स्थापना के बाद पैनल की देखभाल नहीं हो सकी, जिसके कारण जर्जर होकर बुधवार की रात पैनल का ढांचा दो हिस्सों में बंट कर गिर गया। आसपास रहने वाले लोग तेज आवाज के कारण जाग गए।
उन्होंने देखा कि पैनल का स्ट्रक्चर दो भागों में नीचे गिरा पड़ा था। गनीमत रही कि उस समय ट्रैफिक न के बराबर था, यदि वह दिन में किसी समय टूटकर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। एसडीएम अमन देओल ने बताया कि खनन अधिकारी को पैनल का स्ट्रक्चर टूटकर गिरने से अवगत करा दिया गया है।