शाहबाद (रामपुर)। सैफनी पुलिस ने गोवंशीय पशु वध के मामले में वांछित एक आरोपी को सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
एएसपी अनुराग सिंह के अनुसार, एक जुलाई को थाना सैफनी क्षेत्र में सड़क किनारे गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के ताहरपुर गांव निवासी फरीस, बड़ागांव निवासी शब्बू और सलीम के नाम प्रकाश में आए।
सोमवार को पुलिस गश्त के दौरान बड़ागांव-मियागंज चौराहे के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन इस दौरान उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। घेराबंदी होते देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फरीस के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों शब्बू और सलीम के साथ मिलकर एक जुलाई को बड़ागांव के जंगल में छुट्टा गोवंशीय पशु का वध किया था। मांस ले जाते समय जल्दबाजी में मोटरसाइकिल से पशु के अवशेष सड़क पर गिर गए थे, जिन्हें आगे नदी में फेंकने की योजना थी।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक छुरी, लकड़ी का गुटका तथा दो रस्सियां बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़, अवैध शस्त्र रखने और अन्य संबंधित धाराओं में अलग से रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।