रामपुर। जिले के कोयला टोल प्लाजा पर अब नकद लेनदेन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत वाहन चालकों को केवल डिजिटल माध्यम से ही टोल शुल्क का भुगतान करना होगा।
टोल प्लाजा पर क्यूआर कोड और फास्टैग के जरिए भुगतान की सुविधा लागू कर दी गई है। जनपद के इकलौते टोल प्लाजा पर क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई है, जिससे वाहन चालक आसानी से स्कैन कर भुगतान कर सकें। वहीं फास्टैग लेन को सक्रिय रखा गया है, ताकि वाहनों का आवागमन बिना रुकावट के हो सके।
अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से टोल पर लगने वाली लंबी कतारों में कमी आएगी और समय की बचत होगी। साथ ही नकद लेनदेन खत्म होने से पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
टोल कर्मियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने फास्टैग को रिचार्ज कर लें और डिजिटल भुगतान के लिए तैयार रहें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। नई व्यवस्था से टोल संचालन सुचारु होने और यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
-
कोयला टोल प्लाजा को पूरी तरह से डिजिटल किया गया है। टोल प्लाजा पर अब कैश नहीं लिया जाएगा, वाहन चालकों को अब क्यूआर कोड और फास्टैग के जरिये भुगतान करना होगा। -महेंद्र सिंह, मैनेजर, कोयला टोल प्लाजा