शाहबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 30 जून को शाहबाद क्षेत्र में हुई जनसभा के दौरान रामपुर प्रशासन के खिलाफ पोस्टर और पर्चे प्रदर्शित करने के मामले में मिलक तहसीलदार (मजिस्ट्रेट) ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
एफआईआर के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मिलक के तहसीलदार अवनींद्र कुमार शुक्ल की मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी लगी थी। आरोप है कि इसी दौरान सदर तहसील के परचई गांव निवासी सरवन सिंह रामपुर प्रशासन के खिलाफ विरोधाभासी पोस्टर और पर्चे प्रदर्शित करने लगा, जिससे जनसभा में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मजिस्ट्रेट का आरोप है कि समझाने के बावजूद सरवन सिंह नहीं माना और अधिक उत्तेजित होकर नारेबाजी करने लगा, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह जनसभा स्थल से भाग गया।
सीओ देवकी नंदन ने बताया कि सरवन सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया गया।