नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन और समाजवादी पार्टी के नेता पप्पू खां उर्फ मुर्शरत खां समेत पांच के खिलाफ एक मजदूर ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसटी-एससी एक्ट में केस दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के महुंनागर गांव निवासी मजदूर अर्जुन का आरोप है कि वह बीते 16 सितंबर को सुबह करीब 11:45 बजे बंगाली चौराहे पर स्थित एक आराजी पर काम कर रहा था। तभी पूर्व चेयरमैन पप्पू खां अपने साथी कामरान खां, रिजवान खां, शन्नू खां और जकी अहमद के साथ मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि पूर्व चेयरमैन ने मजदूर अर्जुन को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए गालीगलौज की और उस पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। उन्होंने मजदूर का हाथ पकड़कर उसका सामान भी फेंक दिया। इसी दौरान उनके साथ मौजूद अन्य लोग भी गाली-गलौज करते रहे।
पीड़ित का कहना है कि मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसकी जान बचाई। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और चेतावनी दी कि गांव का रास्ता हमारे भट्ठे से होकर जाता है, अगली बार मिला तो देख लेंगे। इस मामले में पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
दूसरी ओर पूर्व चेयरमैन पप्पू खां का कहना है कि यह जमींन 975 मीटर है, जिसका बैनामा उनके नाम है। केस कराया गया है, वो पूरी तरह से झूठा है। इस जमीन का बैनामा एक महिला से इन लोगों ने करा लिया है, लेकिन इसमें आपत्ति लगा दी है। दाखिल खारिज नहीं हुआ है। जिस समय यह घटना बता रहे है, उस समय वह वहां नहीं थे।