रामपुर। सोशल मीडिया पर वैश्य समाज को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है,जिस पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बृहस्पतिवार की सुबह एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। जिसमें देवाशीष नाम के युवक ने वैश्य समाज के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली दी थी। इस दौरान वैश्य समाज का जमकर मजाक उड़ाया गया था। वीडियो में साफ देखा व सुना जा रहा था कि देवाशीष ने पहले ऑडियंस से पूछा कि यहां कोई बनिया तो नहीं है जब ऑडियंस ने जवाब दिया नहीं तो देवाशीष ने वैश्य समाज को अभद्र गाली देते हुए बनिया समाज का जमकर मजाक उड़ाया। जैसे जैसे सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो वैश्य समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। जिस पर वैश्य समाज के पदाधिकारी थाना कोतवाली पहुंचे और वैश्य समाज के मीडिया प्रभारी गौरव जैन की ओर से देवाशीष के खिलाफ तहरीर देकर उसके रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। थाना कोतवाली प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि देवाशीष सिंह पुत्र राजपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मौके पर वैश्य समाज के मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, जिला अध्यक्ष शलभ गोयल, जिला महामंत्री मनोज गोयल, जिला उपाध्यक्ष भास्कर अग्रवाल, नितिन गोयल, पुष्कर अग्रवाल, गोपाल गुप्ता आदि अन्य पदाधिकारी मौजूद रहें।