रामपुर। सदर क्षेत्र के कई गांवों में अवैध खनन करने के मामले में ओएसएस कंस्ट्रक्शन कंपनी फंस गई है। लेखपाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अवैध खनन में मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ से शुक्रवार को तहसील सदर के ग्राम मिलक सिकरोल, वहपुरी, घनश्यामपुर और मड़ैयान जौलपुर के ग्रामीणों ने अवैध खनन की शिकायत की थी। डीएम ने मामले की जांच के एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता को मौके पर भेजा था। एसडीएम ने मड़ैयान जौलपुर पहुंचकर ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों की शिकायत तथा स्थलीय निरीक्षण के आधार पर संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार की टीम गठित करते हुए खनन के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।
जांच में खनन कराने वाली कंपनी के स्टाफ द्वारा खनन की कोई भी अनुमति नहीं दिखाई जा सकी। जिस पर टीम ने अवैध खनन के मामले को चिह्नित करके गाटों की पैमाइश की। इस दौरान अवैध खनन की पुष्टि हुई। इसके बाद लेखपाल राजेंद्र सिंह द्वारा थाना पटवाई में ओएसएस कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
अवैध खनन परकसा जा रहा शिकंजा
जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध निरंतर अभियान चल रहा है। जिले में चिह्नित चेक प्वाइंट पर रात में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अवैध खनन जैसे गंभीर मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अवैध खनन के खिलााफ लगातार कार्रवाई हो रही है। अवैध खनन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम को मामले में कार्रवाई के आदेश दिए गए थे।
रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी