रामपुर। गर्मियों में बिजली की खपत बढ़ने की आशंका से बिजली विभाग ने 33.81 करोड़ रुपये से बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के कार्य कराने की योजना तैयार की है। इसके तहत ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जानी है ताकि लोड बढ़ने पर ट्रांसफार्मरों में फुंकने जैसी घटनाओं से बचा जा सके। जिले में पिछले साल 549 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने एवं बदलने का लक्ष्य तय किया गया था। जिसमें अब तक 80 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है और कुछ बदले भी गए हैं। 469 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि अभी तक नहीं हो सकी है।
बिजली अधिकारियों के मुताबिक, सर्दियों के समय ज्यादा बिजली की खपत नहीं रहती है। पिछली गर्मियों में बिजली व्यवस्था चरमराने का मुख्य कारण ट्रांसफार्मरों की कम क्षमता होना है। जिसके कारण रोजाना इनमें आग लगने जैसी घटनाएं हो रही थीं और उपभोक्ता परेशान होते थे। इस बार बिजली विभाग पहले से पुख्ता इंतजाम करने की कोशिश कर रहा है।
ऐसे में टीमें मोहल्लों में जाकर नए तार खींचने के साथ सीमेंट के खंभे लगा रही हैं। वहीं, बिजली चोरी करने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने इस बार ट्रांसफार्मरों को मजबूत करने के लिए प्लान तैयार कर लिया है। जिसके तहत 33 करोड़ 80 लाख 96 हजार रुपये के बजट का प्रस्ताव तैयार किया है। जिसमें उपकेंद्र क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों को बदला जाना है। इनमें कई उपकेंद्रों की भी क्षमता बढ़ेगी।
आंबेडकर पार्क, सैदनगर, मिलक, भीतरगांव, शाहबाद, केमरी और अशोकनगर में क्षमता वृद्धि के साथ नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
क्षमता वृद्धि के लिए लक्षित ट्रांसफार्मर
डिवीजन ट्रांसफार्मर - काम हुआ लंबित
रामपुर 8 - 1 - 7
रामपुर 145 - 38 - 107
मिलक 252 - 33 - 219
बिलासपुर 144 - 8 - 136
-
कुल 549 - 80 - 469
-
वर्जन :-
गर्मियों में बिजली की खपत ज्यादा होगी और लोड ज्यादा आता है, इसके लिए विभाग ने पूरे इंतजाम किए हैं और नया प्रस्ताव भी तैयार हो गया है, स्वीकृति के बाद इस पर भी काम करा दिया जाएगा। ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई जाएगी। -महफूज आलम, अधीक्षण अभियंता