रामपुर। छह माह पहले बनी पान दरीबा की बदहाल सड़क अब सिर्फ राहगीरों के लिए मुसीबत नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों के गले की फांस बन चुकी है। विकास के दावों को मुंह चिढ़ाते सड़क में बने गहरे गड्ढे व्यापार में रोड़ा बन गए हैं।
सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों की वजह से जहां राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तो दूसरी ओर जाम लगने से दुकानदारों को काफी दिक्कत होती है। बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क जलमग्न हो जाती है। इससे भी कारोबार प्रभावित होता है।
सड़क की बदहाली को लेकर व्यापारी कई बार आवाज उठा चुके हैं। सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरने और प्रदर्शन भी किए गए। इसके बाद सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन कुछ ही समय में सड़क की हालत फिर खराब होने लगी। व्यापारियों का आरोप है कि निर्माण में मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया। यही वजह है कि सड़क लंबे समय तक टिक नहीं सकी और अब लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
यह सड़क शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। कई स्थानों पर गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण वाहन फंसते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। जाम का असर आसपास की गलियों और संपर्क मार्गों तक पहुंच जाता है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण से पहले उन्हें उम्मीद थी कि समस्या का स्थायी समाधान होगा, लेकिन निर्माण के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अब सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
क्या कहते हैं व्यापारी-
पान दरीबा शहर का प्रमुख बाजार है लेकिन सड़क की जर्जर हालत ने कारोबार करना मुश्किल कर दिया है। सड़क पर गड्ढे और जाम के कारण ग्राहक भी परेशान होते हैं। जल्द समस्या का समाधान होना चाहिए। -ताहिर
सड़क निर्माण से पहले व्यापारियों ने काफी आवाज उठाई थी। निर्माण हुआ तो उम्मीद जगी कि अब परेशानी खत्म होगी लेकिन सड़क ज्यादा दिन नहीं टिक सकी। निर्माण की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। -नदीम
बारिश होते ही पान दरीबा की सड़क पर पानी भर जाता है। दुकानों के सामने जलभराव होने से ग्राहक अंदर तक नहीं आ पाते। इसका सीधा असर हमारी रोजी-रोटी पर पड़ता है। समस्या का समाधान होना चाहिए। -छोटू
दिन भर वाहनों की आवाजाही रहती है और सड़क खराब होने के कारण अक्सर जाम लग जाता है। जाम में फंसने से ग्राहक बाजार आने से बचते हैं। सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाना चाहिए। -मो. अतहर
सड़क निर्माण पर काम हुआ लेकिन उसकी गुणवत्ता को लेकर शुरू से सवाल उठते रहे हैं। अब सड़क दोबारा खराब हो रही है। जिम्मेदार विभाग को मौके पर जांच कराकर स्थायी समाधान कराना चाहिए। -शैलेंद्र गुप्ता
पान दरीबा में कारोबार करने वाले व्यापारी लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रहे हैं। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है। अगर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो व्यापारियों को फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। -फुरकान
सड़क खराब होने से राहगीरों और दुकानदारों दोनों को परेशानी होती है। जाम के कारण दुकान के सामने ग्राहक और सामान लेकर आने वाले वाहन तक नहीं पहुंच पाते। व्यवस्था में सुधार जरूरी है। -तहसीन रजा
व्यापारी कई बार सड़क के निर्माण और सुधार की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। अब जरूरत है कि सड़क की गुणवत्ता और जलनिकासी दोनों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। -मोहसिन
वर्जन
पान दरीबा की सड़क को दिखवा लिया जाएगा और यदि दोबारा निर्माण मांग रही है तो उसको भी कराने का प्रयास किया जाएगा। पहले इसकी जांच कराई जाएगी। -दुर्गेश्वर त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी, रामपुर