रामपुर। मसवासी में सोमवार शाम मुरादाबाद से बाजपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क किनारे लगे धान के ढेर में घुस गई और सामने खड़ी कार से टकराकर रुक गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि कार मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे मुरादाबाद की ओर से एक बस तेज रफ्तार में बाजपुर की तरफ जा रही थी। मसवासी में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। बस को अनियंत्रित होता देख चालक ने उसे रोकने के प्रयास में सड़क किनारे लगे धान के ढेर की ओर मोड़ दिया। धान के ढेर में घुसने के बाद बस सामने खड़ी कार से टकरा गई और रुक गई।
हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि बस रुकते ही चालक नीचे उतरकर भागने लगा। इस पर मौके पर जुटी भीड़ ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। हालांकि कुछ संभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर चालक को भीड़ के चंगुल से बचाया। सूचना पर पुलिस भी मामले की जानकारी लेने में जुट गई।
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।
00
ग्रामीणों ने उठाए बसों की फिटनेस पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर अनफिट बसें बेखौफ होकर तेज रफ्तार से दौड़ रही हैं। बसों की फिटनेस और उनकी गति पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग से मार्ग पर संचालित बसों की फिटनेस, ब्रेक और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच कराने तथा तेज रफ्तार बसों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सोमवार को बस के ब्रेक फेल होने की घटना में गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।