शाहबाद। घारमपुर गांव में 100 वर्षीय बुजुर्ग को एक छुट्टा सांड़ ने उठाकर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार सुबह घारमपुर गांव निवासी उमराय पांडेय अपने घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान एक छुट्टा सांड़ वहां पहुंचा और उन्हें उठाकर पटक दिया। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तुरंत एंबुलेंस से सीएचसी शाहबाद लाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। बुधवार शाम तक उनकी हालत गंभीर बताई गई। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी सांड़ गांव के कई लोगों को पटक चुका है। संवाद