रामपुर। बुलंदशहर जिले में सक्रिय हनी ट्रैप गिरोह के खुलासे के बाद इसकी जांच की आंच रामपुर तक पहुंच गई है। गिरोह से जुड़े एक अश्लील वीडियो के सामने आने के बाद बुलंदशहर पुलिस की टीम सैफनी क्षेत्र पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने सैफनी क्षेत्र के एक ही परिवार के तीन युवकों को अपना शिकार बनाया था। बुलंदशहर पुलिस ने कुछ दिन पहले हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा किया था, जिसमें रामपुर निवासी एक आरोपी भी शामिल बताया गया है। इसके अलावा मिलकखानम थाने में तैनात एक दरोगा की भी पुलिस को तलाश है।
बुधवार को बुलंदशहर पुलिस की एक टीम सैफनी पहुंची और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।