रामपुर। मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में बुर्के के लेकर चल रहा विवाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) तक पहुंच गया है। रामपुर के आरटीआई कार्यकर्ता दानिश खान ने इसकी शिकायत मानवाधिकार आयोग में की है। उन्होंने कहा है कि कॉलेज प्रबंधन ड्रेस कोड के नाम पर मुस्लिम छात्राओं का उत्पड़ीन कर रहा है। यह धार्मिक स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा है कि मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में एक जनवरी से ड्रेस कोड लागू किया गया है। इसके बाद से सभी छात्र-छात्राओं को ड्रेस में ही प्रवेश दिया जा रहा है। इसके लिए गेट पर ही स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। जो छात्राएं बुर्का पहनकर आ रही हैं उनको रोका जा रहा है। दानिश ने कहा है कि संविधान के अनुच्छेद 25 के अनुसार देश के हर नागरिक को अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार आचारण करने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा है कि मुरादाबाद हिंदू कॉलेज में ड्रेस कोड के नाम पर मुस्लिम छात्राओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है। दानिश ने इस मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया है।