रामपुर। शहर में घर बनाना अब और महंगा हो जाएगा। आरडीए (रामपुर विकास प्राधिकरण) ने अब आवासीय व व्यावसायिक भवनों के मानचित्र स्वीकृत शुल्क में 10 से 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ोतरी पांच साल बाद की गई है। आरडीए बोर्ड की बैठक में कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने इसे मंजूरी दे दी।
मंगलवार को कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई आरडीए की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इसके तहत सबसे महत्वपूर्ण फैसला भवनों के मानचित्रों की स्वीकृति शुल्क में बढ़ोतरी करने का रहा। आरडीए के तहत शहर के अलावा शहरी सीमा से सटे गांव भी आते हैं। अब इन क्षेत्रों में भवन निर्माण से पहले नक्शा पास कराना महंगा होगा।
बैठक में फैसला हुआ कि मानचित्र स्वीकृत करने के शुल्क में 10 से बीस फीसदी की बढ़ोतरी की जाए, जिसे मंजूरी मिल गई। यह दरें व्यावसायिक व आवासीय भवनों पर अलग-अलग लागू होंगी। बैठक में कमिश्नर ने इस फैसले को तत्काल लागू करने के आदेश जारी कर दिए।
इसके अलावा नैनीताल रोड पर प्रस्तावित टाउनशिप के लिए भूमि खरीदने की भी मंजूरी दी गई है। फैसला हुआ कि 41.744 हेक्टेयर भूमि आरडीए को हस्तांतरित किए जाने के साथ ही टाउनशिप विकसित करने के लिए दो सौ करोड़ रुपये की व्यवस्था लोन के जरिये की जाएगी।
-
312 करोड़ की आय के बजट को मंजूरी
आरडीए की बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 हेतु आय व्यय का बजट रखा गया, जिसे स्वीकृति प्रदान कर दी गई। बैठक में वित्तीय वर्ष के लिए 11 करोड़ रुपये राजस्व आय एवं 2 करोड़ रुपये के राजस्व व्यय करने को सहमति दी गई। साथ ही 312 करोड़ रुपये पूंजीगत आय एवं 307 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
रिंग रोड पर ग्रीन बेल्ट बनाने के प्रस्ताव में होगा संशोधन
बैठक में कोसी नदी से आरंभ होकर एकता तिराहा होते हुए एनएच-09 (बाईपास मार्ग) एवं एनएच-87 (नैनीताल रोड) को जोड़ने वाली रिंग रोड के समानांतर 30 मीटर गहराई की ग्रीन बेल्ट में संशोधन कराने को भी हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही रामपुर महायोजना-2031 के परीक्षण हेतु सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग लखनऊ की अध्यक्षता में गठित शासकीय समिति की बैठक में उल्लिखित बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
-
आरडीए का नया लोगो भी जारी
आरडीए के प्रतीक चिह्न (लोगो) को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। आरडीए की ओर से अब नया लोगो जारी किया गया है। बैठक में कमिश्नर के अलावा जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन मुरादाबाद विवेक भास्कर, मोहित राय अधिशासी अभियंता जल निगम मुरादाबाद, ईओ रामपुर दुर्गेश्वर त्रिपाठी, बोर्ड के सदस्य मोहन लाल सैनी व जागेश्वर दयाल दीक्षित भी मौजूद रहे।