पुलिस ने एसपी के आदेश पर दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
मिलक खानम। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने जेठ और जेठानी पर फसल नष्ट करने, मारपीट, जानलेवा हमला करने और दुष्कर्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर 15 दिन बाद नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना मिलक खानम क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता का कहना है कि उसका जेठ और जेठानी आए दिन उसके खेत में बोई गई गेहूं व सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचाते रहे हैं। दो दिसंबर की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे आरोपियों ने उसकी सब्जी की फसल उखाड़ दी।
जब उसने विरोध किया तो गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर पति मौके पर पहुंचे तो जान से मारने और दुष्कर्म करने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मेडिकल कराकर जिला अस्पताल रामपुर भेजा था, जहां वह चार दिन भर्ती रही थी।
उसका आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद कई दिनों तक थाने के चक्कर लगाए, लेकिन उसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद एसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के आदेश पर मिलक खानम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर निशा खटाना ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।