रामपुर। रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने के लिए पहुंचे भाइयों को बहन घर में बेसुध मिली। दोनों भाई बहन को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण लंबी बीमारी सामने आया है।
गंज थाना क्षेत्र के पुराना गंज निवासी शिखा गुप्ता (40) की शादी करीब 20 वर्ष पहले मनीष गुप्ता से हुई थी। दंपती का 11 साल बेटा है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम शिखा के दोनों भाई रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने के लिए उसके घर पहुंचे थे। वहां शिखा अकेली बेसुध हालत में मिली। उसकी हालत देखकर दोनों भाई उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
शनिवार को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के दौरान मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप के बीच तीखी बहस होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
सीओ अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण बीमारी सामने आया है। मायके पक्ष की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।