संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रौ (रामपुर बुशहर)। ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ-साथ अब निचले इलाकों में भी जंगली जानवरों का कहर बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को आउटर सराज की घाटू पंचायत में भालू ने एक महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई है।
जानकारी के मुताबिक निरमंड खंड की घाटू पंचायत के शमारनी गांव की महिला मंगलवार सुबह साथ लगते जंगल में घास लेने गई थी।
इसी बीच भालू ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जख्मी महिला ने साहस का परिचय देते हुए भालू से मुकाबला किया और किसी तरह से अपनी जान बचाई। महिला की पहचान प्रेमकली, पत्नी नगर दास, गांव शमारनी, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। हमले में महिला के चेहरे और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद क्षेत्र के लोग बुरी तरह से सहमे हुए हैं। ग्रामीण सुबह और शाम घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं। वहीं प्रभावित महिला और परिजनों ने सरकार और वन विभाग से उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।
खौफजदा ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द भालू को पकड़ने की मांग उठाई है। घाटू पंचायत प्रधान भोगा राम ने प्रशासन और वन विभाग से पीड़ित महिला को उचित मुआवजा देने और भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग उठाई है।
वन विभाग लूहरी के डीएफओ केबी नेगी ने कहा कि महिला पर भालू के हमले की सूचना मिली है। वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेेजा गया है। पीड़ित महिला को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।