बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव जीरो पॉइंट के समीप एक रिसॉर्ट के ताले तोड़कर अज्ञात चोर जेनरेटर और बिजली की मोटर के कॉपर तार समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। रिसॉर्ट स्वामियों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव जीरो पॉइंट के समीप गांव निवासी अनिल शर्मा और रवि शर्मा का एक रिसॉर्ट है। रिसॉर्ट स्वामियों के अनुसार वहां जेनरेटर और पेयजल व्यवस्था के लिए मोटर लगी हुई है। शनिवार रात अज्ञात चोर ताले तोड़कर रिसॉर्ट में घुस गए और जेनरेटर व बिजली की मोटर खोलकर कॉपर तार आदि सामान चोरी कर ले गए।
दोनों भाइयों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने बताया कि एक माह पूर्व भी उनके यहां चोरी हुई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद