बिलारी। रामपुर जिले का एक युवक बृहस्पतिवार सुबह मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल से निकलने के बाद लापता हो गया। शाम को बिलारी थाना क्षेत्र के जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के मडैयान झाऊ उर्फ हजारा गांव निवासी जाहिद हुसैन का पुत्र शाने मोहम्मद पाशा (25) मुरादाबाद के कोहिनूर तिराहे के निकट एक निजी अस्पताल में सहायक के रूप में करीब दो वर्ष से कार्यरत था।
बृहस्पतिवार सुबह रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद उसने अस्पताल स्टाफ से गांव जाने की बात कही थी। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि बिलारी थाना क्षेत्र के नौसना गांव के जंगल में किसान रामचरन के खेत में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शाने मोहम्मद पाशा के रूप में की। ग्राम पंचायत नौसना के प्रशासक मोहम्मद फारूक की सूचना पर बिलारी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार मृतक के गले में रस्सी बंधी थी और उसका दूसरा सिरा शहतूत के पेड़ की टहनी से बंधा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता जाहिद हुसैन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा 27 जून को मुरादाबाद स्थित अस्पताल में ड्यूटी पर गया था और दो जुलाई की शाम उसका शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों से मिलने वाली अन्य जानकारियों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी।