बिलासपुर। नगर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी में किराए के मकान में परिवार समेत रह रहे टिंकू मसीह (31) का मंगलवार दोपहर घर में फंदे पर लटका शव मिला। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मार्टिन नगर, ज्वालापुर भैंसिया निवासी टिंकू मसीह अपनी पत्नी ज्योति मसीह और तीन बच्चों के साथ मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी में पवन छाबड़ा के मकान में किराए पर रह रहे थे। टिंकू की पत्नी ज्योति नगर के एक निजी अस्पताल में काम करती हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह ज्योति ने तीनों बच्चों को स्कूल भेज दिया और खुद ड्यूटी पर अस्पताल चली गईं। टिंकू पिछले करीब पांच साल से बीमार होने के कारण घर पर ही रहते थे।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर पहुंचे बच्चों ने उन्हें आंगन में जीने की रेलिंग से रस्सी के फंदे पर लटका देखा तो शोर मचा दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। अस्पताल से पत्नी भी तुरंत वहां पहुंच गईं।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी जीत सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी केशू शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि टिंकू को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। करीब चार माह पहले वह एक हादसे में घायल भी हो गए थे, जिसमें उनका जबड़ा टूट गया था। लंबे समय से बीमार होने के कारण वह परेशान भी बताए गए हैं। आशंका है कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0000
मौके पर पसरा मातम, हर आंख नम
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बच्चों के शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। पत्नी ज्योति के अस्पताल से पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। पड़ोस की महिलाओं ने उन्हें संभालने का प्रयास किया। मोहल्लेवासियों के अनुसार, टिंकू स्वभाव से शांत थे, लेकिन लंबी बीमारी के कारण अक्सर परेशान रहते थे।