रामपुर। जिले में ब्लैक फंगस के संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। बिलासपुर की निवासी एक 45 साल की महिला में ब्लैक फंगस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला को इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है।
शनिवार को बिलासपुर सीएचसी पर एक महिला इलाज के लिए पहुंची थी, जिसकी आंखों में सूजन आ गया था और दिखाई कम दे रहा था। महिला को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। हालांकि वह कोरोना से संक्रमित नहीं हुई थी। महिला में ब्लैक फंगस के लक्षण दिखने के बाद उसको वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। शनिवार की रात महिला जिला अस्पताल में भर्ती रही। जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल ने इसका परीक्षण किया। इस दौरान उसमें ब्लैक फंगस के संक्रमण की पुष्टि हुई।
ब्लैक फंगस के इलाज की सुविधा जिला अस्पताल में उपलब्ध नहीं है। लिहाजा उसको बेहतर इलाज के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया है। हालांकि महिला के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि बिलासपुर में कोई इलाज नहीं किया गया। जिला अस्पताल आने पर शनिवार की रात में ही डॉक्टर कहने लगे कि मरीज को मेरठ ले जाओ। इसकी इलाज की सुविधा यहां नहीं है।