बिलासपुर (रामपुर)। बिलासपुर सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन करने गए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के काफिले को काले झंडे दिखाने के लिए किसान इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में सीओ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर रोका।
रविवार को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बिलासपुर सीएचसी में नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े कुछ किसान केंद्रीय मंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के लिए नैनीताल हाईवे स्थित नवीन मंडी के सामने एकत्र हो रहे हैं। सूचना पर सीओ अनुज चौधरी और कोतवाली प्रभारी प्रिंस शर्मा भी मौके पर पहुंच गए और किसानों को समझाकर काले झंडे दिखाने की कोशिश को विफल कर दिया। किसानों का कहना था कि वह ऑक्सीजन प्लांट का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर भाजपा के मंत्रियों का विरोध कर रहे हैं। हालांकि कैबिनेट मंत्री का काफिला किसानों के सामने से पुलिस प्रशासन ने गुजार दिया। इस दौरान कुछ किसानों ने नारेबाजी भी की। विरोध प्रदर्शन करने वालों में भाकियू चढूनी गुट के जिलाध्यक्ष गुरचरण सिंह, मंत्री मलवाई, निशान सिंह, अमनप्रीत सिंह सिमरा, गुरबीर सिंह विर्क, रणदीप सिंह, प्रदीप सिंह आदि मुख्य थे।