रामपुर। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह लोधी ने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में रामपुर की जीत सपा के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। जिसके बाद रामपुर विकास, रोजगार और उद्योगों के लिए जाना जाएगा।बुधवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह लोधी रामपुर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। ग्रामीणों के लिए किए सरकार के प्रयासों और योजनाओं के बारे में बताया।
कहा कि रामपुर के ग्रामीण इलाकों तक विकास नहीं पहुंचा है। क्योंकि, जिन लोगों ने रामपुर पर राज किया है, उन लोगों ने रामपुर की जनता को ठगा है और वोट लेकर अपना विकास करने में लग गए। ऐसे में रामपुर की जनता को सोचना होगा कि जनता उसके साथ जाएगी, जो रामपुर शहर के साथ ही गांवों का विकास चाहता है या फिर वो जिसने अब तक जनता को ठगने का काम किया है। निश्चित रूप से गांव, गरीब और किसानों के लिए भाजपा सरकार ने जो काम किए हैं, उससे उनकी मुश्किलें कम हुई हैं। ऐसे में जनता चाहती है कि रामपुर में लंबे अर्से बाद ही सही परिवर्तन हो। इसलिए, भाजपा प्रत्याशी की लंबे अंतराल से जीत होगी, जो सपा के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, राहुल वर्मा, सुनील कुमार लोधी, नेमचंद वर्मा, शकुंतला लोधी आदि उपस्थित रहे।