रामपुर। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रविवार शाम को रामपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वो सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी 12 जुलाई सोमवार को नगर के उत्सव पैलेस में शपथ ग्रहण करेंगे। इसके बाद जिला पंचायत बोर्ड की बैठक की संपन्न होगी। रामपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की अहम भूमिका रही। उन्होंने ही भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों की संख्या महज सात होने के बावजूद भाजपा समर्थित प्रत्याशी को जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाने की पटकथा लिखी। मुख्तार अब्बास नकवी के प्रयासों से ही भाजपा समर्थित प्रत्याशी बहुमत का आंकड़ा हासिल कर पाए। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि जिला पंचायत अध्यक्ष के शपथ ग्रहण में वो शामिल रहेंगे। शनिवार को उनका सरकारी कार्यक्रम भी प्राप्त हो गया। मुख्तार अब्बास नकवी रविवार शाम को अपने शंकरपुर स्थित आवास पर पहुंचेंगे। यहां पर वो रविवार को जनता से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सोमवार 12 जुलाई की सुबह को वो निवास पर ही भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और इसके बाद नगर के उत्सव पैलेस में आयोजित हो रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। यहां से दोपहर में वो दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।