भाजपा की ओर से आयोजित सामाजिक न्याय समागम में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये चुनाव नायक और खलनायकों के बीच है। कहा कि इस वक्त गाली गैंग सक्रिय है, जिसमें मोदी को गाली देने की होड़ लगी हुई है। मोदी की लोकप्रियता से बौखलाकर विपक्ष झूठमेव जयते के नारे पर काम कर रहा है। सेना और महिला के अपमान का बदला जनता लेगी।
रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद जयाप्रदा के समर्थन में हुई जनसभा में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने जयाप्रदा पर अशोभनीय टिप्पणी पर कहा कि एक फिल्म आई थी मिस्टर इंडिया, जिसमें मोगैंबो नामक किरदार था जो भारत माता को डायन कहने पर खुश होता था, महिलाओं का अपमान करने पर खुश होता था और सुरक्षा बलों के अपमान पर भी वह खुश होता था। लेकिन जिस तरह से उसका अंत हुआ उसी तरह से शाहबाद वालों को गाली वाले मोगैंबो का अंत करना है।
उन्होंने कहा कि विपक्षियों में नरेंद्र मोदी को गाली देने की होड़ लगी हुई है। और ये गाली गैंग खुद जनता की नजरों में गिरता जा रहा है। आपको तय करना है कि गाली गलौज का हिसाब कैसे लेना है। गाली गलौज का एक प्यादा रामपुर में भी है जो मौगेंबो बनकर महिलाओं का अपमान कर रहा है। नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री को रूस, सऊदी अरब में सम्मान मिला है। जिसकी विपक्षियों को उम्मीद नहीं थी। जिससे बौखलाकर विपक्ष नरेंद्र मोदी के खिलाफ मनगढ़ंत भाषण दे रहा है। सबको साथ लेकर चलना भाजपा का लक्ष्य है, जिसे हमने पूरा किया है।
नरेंद्र मोदी की दोबारा से सरकार बनेगी। जिसमें आपके विकास की गारंटी है। कहा कि जाति-धर्म के नाम पर जगह-जगह खुले वोटों के नीलामी सेंटर बंद होने चाहिए। रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा झांसी की रानी है वह संघर्ष कर रही हैं और जनता उनके साथ है। जयाप्रदा गरीबों के लिए काम करती रही है। राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि किसानों को पेंशन की सुविधा देने का काम भाजपा करेगी। अगर जयाप्रदा को जिताकर लोकसभा में भेजोगे तो हम दोनों मिलकर रामपुर की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने जनता से महिला के अपमान का हिसाब लेने का भी आह्वान किया।