रामपुर। भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने मांग की है कि सपा नेता आजम खां की कोर्ट में पेशी के दौरान साथ आने वाले लोगों के आपराधिक रिकार्ड की जांच हो।
प्रेस को जारी बयान में आकाश सक्सेना ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को शासन से शिकायत की थी। जिसमें शासन को अवगत कराया है कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजहर अहमद खां के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं और कुछ मुकदमों में आरोप भी तय हो चुके हैं। अजहर अहमद खां मुरादाबाद से रामपुर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय आते हैं। न्यायिक अभिरक्षा के दौरान नियमानुसार आरोपी को सीधा न्यायालय में लाया जाता है और वहां से वापस जेल भेजा जाता है, तो 25 जुलाई को कोर्ट पेशी के बाद आजम खां द्वारा न्यूज चैनलों को दी गई बाइट की वीडियो में कैसे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले एक जुआ खेलते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसमें शामिल लोग भी वीडियो बाइट में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आजम खां की पेशी के दौरान उनके साथ कोर्ट आने वाले सभी लोगों के आपराधिक रिकार्ड की जांच करने की मांग की है। आरोप लगाया कि अपराधियों को संगठित व एकत्रित करके गवाहियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आकाश सक्सेना ने आजम खां द्वारा न्यूज चैनल को दिए गए एक बयान में की गई टिप्पणी को भी कोर्ट की अवमानना की श्रेणी में होने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि आकाश सक्सेना ने ही आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र, दो पैन कार्ड और दो पासपोर्ट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं मामले में सपा नेता आजम खां के बेटे एवं स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम का कहना है कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान कौन-कौन आ रहा है इससे हमें क्या मतलब और न ही हमें किसी की जानकारी है।