बिलासपुर (रामपुर)। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से लड़ने के लिए अब बिलासपुर सीएचसी भी ऑक्सीजन प्लांट की सुविधा से लैस हो गई है। सीएचसी पर रेडिको खेतान के सहयोग से नवनिर्मित 300 एलपीएम (लीटर पर मिनट) क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन रविवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया।
कोरोना की दूसरी लहर के कहर के बाद ही सरकार ने संभावित तीसरी लहर से लड़ने के लिए संसाधनों को विकसित करना शुरू कर दिया था। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सहयोग की अपील पर रामपुर स्थित रेडिको खेतान फैक्टरी के सहयोग से बिलासपुर सीएचसी में 300 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण शुरू किया गया था। प्लांट का निर्माण मई माह के मध्य से किया गया जो कि करीब दो माह पूरा हो गया। करीब 75 लाख रुपये की लागत से बने इस ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन रविवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने फीता काटकर और मशीन चालू करने के लिए बटन दबाकर किया।
नकवी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार कोरोना से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इसमें प्रधानमंत्री ने अपील कर सहयोग मांगा था। जिस पर रामपुर की रेडिको खेतान के सहयोग से इस ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण किया गया। ऑक्सीजन प्लांट के निर्माण में सहयोग कर रेडिको खेतान ने बिलासपुर क्षेत्र के तमाम लोगों की जिंदगी बचाने का काम किया है। यह ऑक्सीजन प्लांट बिलासपुर क्षेत्र के लिए रामबाण साबित होगा।
रेडिको खेतान के निदेशक केपी सिंह ने संबोधित किया और उन्होंने कोरोना काल में संस्थान की ओर से किए गए कार्यों को बताया। कोरोना काल में रेडिको खेतान की ओर से नगरीय क्षेत्र में टर्बो मिस्ट मशीन से सैनिटाइजेशन कराया गया। सैनिटाइजर वितरित करने के साथ ही कोविड केयर फंड में सहयोग आदि तमाम कार्य किए। बिलासपुर में अब ऑक्सीजन प्लांट निर्माण में सहयोग किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, एसडीएम अशोक चौधरी, सीओ अनुज चौधरी, सीएमओ डॉ. संजीव यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, रेडिको खेतान के निदेशक केपी सिंह, रेडिको खेतान से ही इंद्रपाल सिंह, विकास सक्सेना, अजय प्रताप सिंह, जीबी सिंह, एचएस बाजवा, आरके शर्मा, ब्लॉक प्रमुखों में कुलवंत सिंह औलख, अर्चना गंगवार, चित्रक मित्तल, कपिल आर्य, मोहन लोधी, दीक्षा गंगवार, प्रमोद जौहरी, हरबंस तनेजा, चेतन परुथी आदि मौजूद रहे।