रामपुर। चीनी मांझे के साथ पतले तार में उतरे करंट से बाइक सवार डीसीएम चालक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी झुलस गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने डीसीएम चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घायल पत्नी का इलाज चल रहा है।
यह हादसा गंज थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज चौराहे पर हुआ। क्षेत्र के डूंगरपुर निवासी रामचंद्र (42) डीसीएम के चालक थे। उनके एक रिश्तेदार जौहर अस्पताल में भर्ती हैं। बृहस्पतिवार की शाम को वह उनको खाना देने के लिए बाइक से जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी आशा भी मौजूद थीं। दोनों जैसे ही डिग्री कॉलेज चौराहे पर पहुंचे तो अचानक चीनी मांझा उनके गले में फंस गया। रामचंद्र ने बाइक रोक ली और पत्नी के साथ हाथ से मांझा हटाने का प्रयास किया तो मांझे के साथ पतला तार भी था जिसमें करंट प्रभावित था। इस हादसे में रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी आशा का हाथ झुलस गया। हादसे के बाद लोगों ने परिजनों के साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी गंज पवन कुमार शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।