रामपुर। नगर के मोहल्ला भब्बलपुरी निवासी बाइक सवार शफीक उर्फ शानू (25) सांड़ की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राॅली के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मोहल्ला भब्बलपुरी निवासी शफीक उर्फ शानू साउथ अफ्रीका में कार्य करता था। ईद के मौके पर वह घर आया था। बुधवार को किसी कार्य से घर से निकला था और बादली से वापस अपने घर आ रहा था। नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित सरकारी अस्पताल के सामने सांड़ ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। सांड़ की टक्कर से युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गया।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रामपुर रेफर कर दिया। रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार करते हुए शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
बड़े भाई की साउथ अफ्रीका में हुई थी मौत
पांच भाइयों में सबसे छोटे शानू की आवारा पशु की टक्कर से मौत से परिवार में मातम है। इससे पहले शानू के सबसे बड़े भाई की लगभग तीन वर्ष पूर्व साउथ अफ्रीका में मौत हो गई थी। लंबी जद्दोजहद के बाद उनका शव टांडा आया था।