रामपुर। औद्यौगिक विकास के नजरिये से सोमवार रामपुर के लिए ऐतिहासिक होगा। जिले में 4137 करोड़ रुपये से लगने वाली 92 इकाइयों का भूमि पूजन कार्यक्रम होगा। ये कार्यक्रम रेडिएंस होटल की जगह विकास भवन में होगा। इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से तैयारियां कर ली गई हैं। वहीं उद्यमियों में भी इसको लेकर उत्साह का माहौल है।यूपी सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी के चलते सरकार ने 2023 की शुरुआत में ही प्रदेश के हर जिले में इनवेस्टर्स समिट का आयोजन किया था। इसके तहत जिले में 738 से ज्यादा निवेशकों ने करीब 9000 करोड़ के एमओयू साइन किए थे। इन्वेस्टर्स समिट में आए प्रस्तावों में से अब तक करीब 50 उद्योगों की स्थापना की जा चुकी है। शासन स्तर से अब जिले में 4137 करोड़ रुपये की लागत वाली 92 नई इकाइयों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इन इकाइयों को धरातल पर उतारा जाएगा।
सोमवार को लखनऊ में भूमि पूजन समारोह का आयोजन हो रहा है। लखनऊ में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। इसमें शामिल होने के लिए जिले के 25 उद्यमी लखनऊ रवाना हो गए हैं। जिले में 92 इकाइयों का सोमवार को भूमि पूजन कार्यक्रम विकास भवन में होगा। उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने बताया कि भूमि पूजन समारोह (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी) के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जायगा। कार्यक्रम में जिले के 67 उद्यमी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी उद्यमियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
-
उद्यमी बोले-
देश व प्रदेश सरकार की निवेश नीति बेहद अच्छी है, जिससे यूपी में निवेश का माहौल बढ़ा है। इससे अच्छे माहौल में कारोबार करने का मौका मिल रहा है। उद्यमियों को सुरक्षा की भी कोई चिंता नहीं है। - विपिन गुप्ता, अध्यक्ष, आईआईए
भयमुक्त माहौल बनाया गया है। उद्यमियों में उत्साह का माहौल है। उद्यमी यूपी में निवेश के लिए अपने कदम बढ़ा रहे हैं। इसमें उत्साह है। जल्द ही यूपी की सूरत बदलेगी। - श्रीष गुप्ता, सचिव आईआईए
-
- यूपी में औद्योगिक माहौल काफी बेहतर हुआ है। निवेशक यूपी की ओर आ रहे हैं। भयमुक्त माहौल के बीच औद्योगिक विकास हो रहा है। यह एक अच्छा कदम है। इससे यूपी की सूरत बदलेगी। - संचित गुप्ता, उद्यमी
-प्रदेश सरकार की निवेश नीति बहुत अच्छी है। इससे उद्यमी आकर्षित हो रहे हैं। औद्योगिक विकास बढ़ने से उद्यमियों में इसको लेकर उत्साह है। अच्छा माहौल मिलने से उद्यमी भी सकारात्मक हैं। - डाॅ. सुमन तोमर, डायरेक्टर मोदी कार्प
बैठक
आईआईए की बैठक में उद्यमियों ने निवेश नीति को भी सराहासंवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। सोमवार को होने वाले भूमि पूजन को लेकर उद्यमियों में उत्साह का माहौल है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने सरकार की निवेश नीति की सराहना की है। पदाधिकारियों ने कहा है कि केंद्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार की नीतियों की बदौलत यूपी की तस्वीर बदलने जा रही है। जिससे जिले के साथ पूरे प्रदेश की तरक्की होगी।
भूमि पूजन को लेकर उत्साहित आईआईए के पदाधिकारियों की एक बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें उद्यमियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को सराहा। कहा कि सोमवार को लखनऊ में भूमि पूजन का कार्यक्रम होगा, जिसमें भारी संख्या में उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री व देश के जाने माने उद्योगपति भी हिस्सा ले रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि रामपुर से भी 10 करोड़ से ऊपर का निवेश करने वाले निवेशक लखनऊ के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सचिव श्रीष गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम स्वाति कैम्फर के संचित गुप्ता, मोदी ग्रुप से सुमन तोमर, गणेशा एकॉस्फेर, त्रिवेणी ग्रुप, फोर संस के श्रीष गुप्ता, जनप्रिय टेक्सटाइल आदि निवेशक भाग लेंगे। बैठक केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में भयमुक्त वातावरण देने एवं नई निवेश नीति पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा गया।
चेयरमैन विपिन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के साथ रामपुर में भी उद्योग जगत में उत्साह का माहौल है। इस मौके पर एसके गुप्ता, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, रमेश अग्रवाल, देवेंद्र कुमार गुप्ता, मनोज गुप्ता, उमेश अग्रवाल, राजू गुप्ता , दिलीप रस्तोगी, वीवी शर्मा, राजीव अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विनीत कुमार, मनोज गर्ग, रामरक्ष पाल यादव आदि सदस्य उपस्थित रहे।