एससी-एसटी एक्ट में संशोधन को लेकर सवर्ण संगठनों की ओर से भारत बंद का जिले में कहीं कोई असर नहीं दिखा। हालांकि शहर से लेकर गांव तक में सवर्ण संगठनों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया और ज्ञापन के जरिए नाराजगी जाहिर की और एक्ट में संशोधन कराने की मांग की।
एससीएसटी एक्ट में केंद्र सरकार द्वारा किए गए संशोधन को लेकर सवर्ण समाज में आक्रोश है। सवर्ण संगठनों ने बृहस्पतिवार को भारत बंद का एलान किया था,लेकिन भारत बंद का असर रामपुर में कहीं नहीं दिखा। बृहस्पतिवार को सामान्य दिनों की तरह बाजार खुले। बंद को लेकर कोई भी संगठन सामने नहीं आया। हालांकि पुलिस प्रशासन दिनभर अलर्ट पर रहा। इस संशोधन के खिलाफ हालांकि कुछ संगठनों ने विरोध प्रदर्शन जरूर किया।
सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग समन्वय समिति एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और फिर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया। राष्टपति को संबोधित ज्ञापन में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ केंद्र सरकार ने जो संशोधन किया है उससे सवर्ण समाज आहत है। कहा कि यह संशोधन सामानता और स्वतंत्रता के खिलाफ है।कहा कि इसको लेकर संसद का भी घेराव किया जाएगा।
इस मौके पर समन्वय समिति के अध्यक्ष आकाश सक्सेना,क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रदीप सक्सेना, आशीष सक्सेना, प्रखर सक्सेना, शुभम जौहरी, अभय प्रताप सिंह, सुभाष पंवार, सूर्य प्रकाश, मनोज कुमार, अतुल शर्मा, राकेश सिंह के साथ ही क्षत्रिय महासभा के अजीत सिंह, अजय सिंह तोमर, पुष्पेंद्र सिंह, वीपी सिंह, सुनील सिंह, राम मोहन सिंह, शिवा सिंह आदि मौजूद रहे।