रामपुर। सावन माह की शुरुआत से पहले भमरौआ शिव मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण होगा। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में पथ प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइटें भी लगवाई जाएंगी। सोमवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने नगर पालिका के अधिकारियों के साथ भमरौआ शिव मंदिर मार्ग का निरीक्षण कर इसके निर्देश दिए।
22 जुलाई से सावन माह शुरू होने जा रहा है। ऐसे में हर बार की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में शिवभक्त आएंगे। इस बार शिवभक्तों को भमरौआ शिव मंदिर आने-जाने के लिए किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पनवड़िया स्थित भमरौआ मार्ग का निरीक्षण किया।
उन्होंने देखा कि मार्ग के दोनों ओर कीचड़ है, जिसकी वजह से शिवभक्तों को दिक्कत होगी। क्षेत्रवासियों ने विधायक को पथ-प्रकाश की समस्या के बारे में भी बताया। उनका कहना था कि पूरे मार्ग पर रात में अंधेरा रहता है, जिस कारण को काफी परेशानियां होती हैं।
विधायक ने कहा कि सावन माह के शुभारंभ से पहले मार्ग का चौड़ीकरण का काम समाप्त हो जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त नगर पालिका के क्षेत्र में आने वाले बिजली के खंभों पर पथ-प्रकाश के लिए एलईडी लाइटें आदि लगवाई जाएं। जो बिजली के खंभे मार्ग के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे हैं, उन्हें एक तरफ शिफ्ट कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि मार्ग का जो हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों में आता है, वहां की साफ-सफाई और पथ प्रकाश की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायत की होगी।