रामपुर। बिलासपुर के एक युवक ने कुछ पुलिसकर्मियों पर एनडीपीएस के झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देते हुए 75000 वसूलने का आरोप लगाते हुए शिकायत एसडीएम से की है। एसडीएम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला बिशारतनगर निवासी आजम खां ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें उन्होंने कहा है कि छह अप्रैल को वह अपने मोहल्ले में प्राथमिक विद्यालय के पास खड़ा हुआ था। आरोप है कि इस दौरान वहां कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे, जिनमें एक पुलिसकर्मी ने स्वयं को पुलिस के तहसील स्तरीय एक बड़े अधिकारी की गाड़ी का ड्राइवर बताया।
आरोप है कि सभी उसे जबरन उठाकर एक सरकारी आवास पर ले गए और उसे वहां बंद कर दिया। सभी ने 75000 रुपये न देने पर एनडीपीएस एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उसने अपने भाई को बुलाकर पैसे दिए, तब उसे छोड़ा। उसे एसडीएम से कार्रवाई की मांग की। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।