रामपुर। सोमवार सुबह फीस जमा करने बाइक से मुरादाबाद के टीएमयू जा रहे नदीम मलिक (22) की गैस टैंकर की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नदीम बीसीए का छात्र था और चौथे सेमेस्टर की फीस जमा करने मुरादाबाद के तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) जा रहा था। नगर पंचायत दढ़ियाल के मोहल्ला कुरेशियान निवासी हाजी जलीस का पुत्र नदीम मलिक टीएमयू में बीसीए का छात्र था। वह सोमवार सुबह बाइक से कॉलेज की फीस जमा करने जा रहा था। जैसे ही युवक नगर से सटे ग्राम मोहनपुरा के पास पहुंचा तभी युवक को गैस के टैंकर ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। युवक के पिता जनरल स्टोर चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं।
-