रामपुर। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी गई है। 21 दिसंबर को मतदान होगा और इसी दिन शाम को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। 11 दिसंबर को चुनाव के लिए नामांकन पत्रों को दाखिल करने का काम होगा। घोषणा के साथ ही अब बार में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की घोषणा एल्डर कमेटी की ओर से बुधवार को की गई। एल्डर कमेटी की बैठक में चुनाव कराने का फैसला किया गया। कमेटी के चेयरमैन केबी माथुर ने बताया कि चुनाव की तारीख का एलान किया गया है। इसके तहत 11 दिसंबर को चुनाव के लिए नामांकन पत्रों को दाखिल करने का काम होगा। 12 दिसंबर को नामांकन पत्रों पर आपत्तियां व जांच की जाएगी। इसी दिन निस्तारण भी किया जाएगा।
13 दिसंबर को अंतिम प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। बताया कि 21 दिसंबर को मतदान होगा और शाम पांच बजे के बाद मतगणना होगी। इसके बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी। चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बार एसोसिएशन के महासचिव शिव नरेश तोमर ने बताया कि वार्षिक आय व्यय का ब्योरा सदन में पेश कर दिया गया है। सदस्य 11 दिसंबर तक अपना वार्षिक चंदा जमा कर दें। इसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।