रामपुर। नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की रोकथाम के लिए डीएम के निर्देश पर औषधि निरीक्षक और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। इसमें दो मेडिकल स्टोर में रखी दवाओं की जांच हुई है। जिसमें न्यू सिविल मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित सिरप मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया है। साथ ही चार अन्य दवाओं के संदिग्ध प्रतीत होने पर उनका नमूना लिया है। इस मेडिकल स्टोर से दवाओं की बिक्री को रोका गया है। इस तरह न्यू सिविल मेडिकल स्टोर का संचालन 20 दिन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार एवं आबकारी विभाग के आबकारी निरीक्षक नंदिनी यादव ने सिविल लाइंस के निकट स्थित न्यू सिविल मेडिकल स्टोर एवं पब्लिक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यू सिविल मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित सिरप पाए गए, जिसको जब्त किया गया है। इस मेडिकल स्टोर को 20 दिन के लिए बंद कराया है। वहीं, जब्त की हुई दवाओं का क्रय बिल प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही औषधि निरीक्षक ने चार औषधिओं का नमूना संग्रहित कर गुणवत्ता जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालकों ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट 1940 एवं रूल 1945 का अनुपालन नहीं किया और न ही रजिस्टर दुरुस्त किया है। संचालक ने औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए हैं। औषधि निरीक्षक ने बताया कि न्यू सिविल मेडिकल स्टोर के संचालक से दवाओं की खरीद-बिक्री के प्रपत्र प्रस्तुत करने को कहा है। इन प्रपत्रों की जांच के बाद जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर इनको कारण बताओ नोटिस देंगे। इस दौरान ये भी देखा जाएगा कि प्रतिबंधित सिरप को न्यू सिविल मेडिकल स्टोर संचालक ने कहां से और कितनी मात्रा में खरीदा है।