ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन (एआईबीईए) के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के कई बैंकों में हड़ताल रहेगी। बंद को सफल बनाने के लिए यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले कर्मियों ने गुरुवार शाम को प्रदर्शन किया। बैंक कर्मियों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सहयोगी बैंक प्रबंधनों पर श्रमिकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
शुक्रवार बंद को सफल बनाने और विरोध प्रदर्शन के लिए बैंककर्मी गुरुवार शाम सिविल लाइंस स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स की शाखा पर एकत्र हुए। इस दौरान यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के जिलाध्यक्ष जगमोहन ने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सहयोगी प्रबंधन अपने कर्मियों का शोषण कर रहा है।
द्विपक्षीय समझौते का उल्लंघन कर रहा है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन के जिला मंत्री एमके चौहान ने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सहयोगी बैंकों के प्रबंधन अपने अलग एजेंडे बना रहे हैं और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रहे हैं।
प्रबंधन की ओर से कार्य समयावधि बढ़ाने के साथ ही शनिवार अवकाश समाप्त करने और प्रमोशन को लेकर कोई साफ नीति तैयार नहीं की जा रही है। इससे कर्मियों में रोष है। उन्होंने कहा कि सेवा शर्तों को एक तरफा तरीके से कर्मियों पर थोपना बंद किया जाए। मांगों को लेकर उन्होंने शुक्रवार को हड़ताल का भी एलान किया।
शुक्रवार सुबह दस बजे हड़ताल में शामिल बैंकों के कर्मी स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की शाहबाद गेट शाखा पर एकत्र होंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान जेके शर्मा, अशोक अग्रवाल, ओमप्रकाश, सुनील कुमार, जरनैल सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, संतोष कुमार, आशीष रंजन, गोविंद लाल, सोमपाल सिंह, कैलाश कुमार, जीडी जोशी, राजेश मलिक, उमेश शर्मा, बीएस राना, एलएन शर्मा, बीएस रावत, शशिप्रभा, दीपक कुमार, मोहित, विनीता, साक्षी, दीपिका आदि मौजूद रहे।