सरकार पर मांग टालने का आरोप, कहा- नहीं मानी बात तो होगा आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू कराने की मांग पर बैंक कर्मियों ने मंगलवार की शाम स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी और अधिकारी एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। ठंड के बावजूद कर्मियों के उत्साह में कमी नहीं दिखी। सभी ने एक सुर में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक एवं एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव धनराज ने कहा कि सरकार काफी समय से पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग टालती आ रही है, जो अब बर्दाश्त नहीं है। सरकार को इस जायज मांग पर तुरंत निर्णय लेना चाहिए।
कर्मचारी नेता जगमोहन अग्रवाल ने कहा कि सभी सदस्यों को एकजुट रहकर संगठन की ताकत दिखानी होगी, तभी सरकार झुकेगी। विमल कपूर ने भी कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के जिला सचिव शुभम अग्रवाल, रविंद्र सिंह, राजीव कुमार, नजीर अहमद सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।