रामपुर। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता गोरखपुर के आरपीएम स्कूल में चार से लेकर छह दिसंबर तक आयोजित की गई,जिसमें प्रदेश के 274 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। रामपुर का प्रतिनिधित्व सेंटपॉल्स स्कूल ने किया। विद्यालय की छात्रा रिया चौहान एवं ख्याति गुप्ता ने विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका पूर्णिमा गौड़ के दिशा निर्देशन में वेस्ट मैनेजमेंट पर अपना प्रोजेक्ट एवं वक्तव्य राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रखा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए कुल 42 छात्र-छात्राओं में सेंटपॉल स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। अब इसी माह के अंत में आयोजित केरल के तिरुअनंतपुरम में राष्ट्रीय स्तर पर अपना दावा सुनिश्चित किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 26 दिसंबर से आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालय की छात्राएं प्रतिभाग करेंगी। प्रशासक अनुज दयाल जी ने छात्राओं को शुभ आशीष देते हुए कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ का इससे अच्छा उदाहरण कोई दूसरा नहीं हो सकता। निर्देशक अरुण जोसेफ दयाल ने कहा कि यह न केवल सेंटपॉल स्कूल के लिए अपितु पूरे रामपुर जनपद के लिए अत्यंत गौरवशाली क्षण है।