रामपुर। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में पूर्व विधायक संजय कपूर की जमानत सेशन कोर्ट ने मंजूर कर ली है। अब अपील पर बहस सात सितंबर को होगी।
आचार संहिता उल्लंघन एक के मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक संजय कपूर को एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) ने चार अगस्त को छह माह कारावास और एक हजार रुपये का जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई थी। इसके बाद बचाव पक्ष के अधिवक्ता की ओर से दाखिल किए गए जमानत के प्रार्थनापत्र पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अपील दाखिल होने तक जमानत मंजूर कर ली थी। कपूर ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सेशन कोर्ट में अपील दाखिल की है, साथ ही जमानत की अर्जी लगाई थी। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उनकी जमानत अपील के निस्तारण तक मंजूर कर ली है। संजय कपूर के अधिवक्ता एसएस कपूर और अमित कुमार ने बताया कि सेशन कोर्ट सात सितंबर को इस मामले की सुनवाई करेगी।