रामपुर। जौहर विश्वविद्यालय की मुमताज लाइब्रेरी से बरामद किताबों के मामले में कोर्ट ने जमानत मंजूर कर ली। पुलिस ने छापा मारकर यहां से मदरसा आलिया से चोरी गई किताबों को बरामद किया था।पुलिस ने इस मामले में मौके पर मौजूद विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी में तैनात एक महिला कर्मचारी समेत पांच कर्मियों क गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस इन सभी को थाने ले गई थी।जहां से पुलिस ने गिरफ्तार की गई महिला कर्मी को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया था,जबकि इस मामले में चार कर्मियों को चोरी की किताबें बरामद होने का आरोप लगाते हुए जेल भेज दिया था।तभी से सभी चारों कर्मचारी जेल में ही बंद हैं। जेल में बंद चारों आरोपियों की ओर से कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई थी,जिस पर कोर्ट में मामले की सुनवाई चली।कोर्ट में अभियोजन के अधिवक्ताओं ने जमानत अर्जी का विरोध किया,जबकि बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने पुलिस पर कर्मियों को झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए जमानत पर रिहा करने की मांग रखी।अधिवक्ता नासिर सुल्तान के मुताबिक दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने आरोपी कर्मचारी वसीउल्ला, नासिर, फईम मियां, फिजाउल्ला की जमानत याचिका मंजूर कर ली गई है।