आजम खां के खिलाफ 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान मिलक कोतवाली क्षेत्र के खातानगरिया गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए भड़काऊ भाषण देने के मामले में केस दर्ज हुआ था। आरोप है कि उनके भाषण से दो वर्गों में नफरत फैल सकती थी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो अवलोकन टीम के प्रभारी अनिल कुमार चौहान की ओर से मामले की रिपोर्ट मिलक कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने विवेचना चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी।
अभियोजन की ओर से इस मामले में मुकदमे के वादी सहित पांच गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। आजम खां इस मुकदमे में जमानत पर हैं। शनिवार को एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में इस मुकदमे की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान आजम खां ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अपने बयान दर्ज कराए। आजम दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। आजम खां ने बयान दर्ज कराने के बाद अपने बचाव में साक्ष्य पेश करने की बात कही है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कोर्ट के कर्मचारी पुलिस की सुरक्षा में आजम खां के पास मौजूद रहे। अब इस मामले की अगली सुनवाई छह अक्टूबर को होगी।