'ओवैसी बैरिस्टर हैं, न कि कोई मौलाना'
प्रेस वार्ता के दौरान आजम खां ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर सीधा राजनीतिक कटाक्ष किया। आजम खां ने कहा कि वह पेशे से बैरिस्टर हैं, न कि कोई मौलाना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केवल दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना या साधू नहीं बन जाता। उनके मुताबिक, मौलाना बनने के लिए मौलवियत की और फतवा देने के लिए मुफ्ती की बाकायदा डिग्री होना आवश्यक है। खानपान के माध्यम से सियासी संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर और इस पूरे खित्ते (क्षेत्र) में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, बल्कि यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं और वही खाते हैं।
'यूपी में फैलाया जा रहा नफरत का एजेंडा'
अपने संबोधन में आजम खां ने प्रदेश सरकार, संवैधानिक संस्थाओं और केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है और ईडी, सीबीआई और विकास प्राधिकरण जैसी एजेंसियों की कार्रवाई से आम लोग दुखी हैं। चुनाव आयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा स्वयं बचानी चाहिए।
जौहर विश्वविद्यालय पर हुई गलत कार्रवाई
अपनी संपत्ति और जौहर विश्वविद्यालय पर हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि 50 साल के राजनीतिक जीवन और चार बार मंत्री रहने के बावजूद उनके पास मौजूदा आवास के अलावा कोई दूसरा मकान नहीं है। उनके अनुसार, जौहर विश्वविद्यालय के 90 प्रतिशत भवन वर्ष 2004 से 2006 के बीच ही बन चुके थे, जब रामपुर विकास प्राधिकरण अस्तित्व में भी नहीं था, लेकिन आयकर विभाग ने गलत दरों के आधार पर उन पर भारी-भरकम देनदारी निकाल दी।
'बच्चों से बीड़ी बनवा लेता लेकिन जेल नहीं जाने देता'
जेल के अनुभवों को साझा करते हुए आजम खां ने कहा कि आजादी से बढ़कर कोई दौलत नहीं है और यदि उन्हें पहले आभास होता, तो वह रिक्शा चलाकर अपने बच्चों से बीड़ी बनवा लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई के दौरान मुरादाबाद पुलिस ने उन्हें चोट पहुंचाई और उनके साथ मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ, जिसके चलते उनका वजन 98 किलो से घटकर 70 किलो रह गया।